सागर में बाउंड्री वॉल पर उठा बड़ा विवाद, बिना वर्क ऑर्डर शुरू हुआ निर्माण !
सागर नगर निगम क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड क्रमांक-1 डॉ. हरिसिंह गौर वार्ड में आंगनवाड़ी की बाउंड्री वॉल और सड़क निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठे हैं। क्षेत्रीय पार्षद ने निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। इतना ही नहीं, बिना वर्क ऑर्डर के काम शुरू होने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-1 में आंगनवाड़ी परिसर में बाउंड्री वॉल और सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। क्षेत्रीय पार्षद शिवशंकर यादव ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। उनका कहना है कि बाउंड्री वॉल निर्माण में रेत की जगह डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि पिलर निर्माण के लिए जहां लगभग 5 फीट गहराई तक खुदाई होना चाहिए, वहां केवल करीब 2 फीट गहरा गड्ढा कर निर्माण किया जा रहा है।
मामला सामने आने के बाद नगर निगम के सब इंजीनियर महादेव सोनी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। सब इंजीनियर के अनुसार संबंधित निर्माण कार्य का अभी तक वर्क ऑर्डर ही जारी नहीं हुआ है, जबकि ठेकेदार द्वारा काम शुरू कर दिया गया। उन्होंने भी प्रारंभिक जांच में निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए और कहा कि मौके पर तकनीकी मानकों का पालन नहीं होता दिख रहा।
बताया जा रहा है कि इस काम का टेंडर करीब तीन महीने पहले हुआ था। मुख्य ठेकेदार राहुल ठाकुर और पेटी ठेकेदार शिवा राठौर बताए जा रहे हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि बिना वर्क ऑर्डर के निर्माण शुरू कैसे हुआ और जिम्मेदार कौन है? फिलहाल मामला तूल पकड़ चुका है और जांच की मांग तेज हो गई है।