Sagar-सांसद की होटल में युवक से मारपीट, 4 दिन बाद वायरल CCTV से मचा हड़कंप
मध्यप्रदेश के सागर के मकरोनिया क्षेत्र से एक मामला सामने आया है जिसने राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर हलचल बढ़ा दी है। मकरोनिया थाना क्षेत्र स्थित सांसद डॉ. लता वानखेड़े की वैदिक वाटिका होटल में युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज चार दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पीड़ित युवक थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित युवक का कहना है कि वह अपने एक दोस्त को छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान होटल में ठहरे कुछ बाहरी युवकों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद होटल में मौजूद 5 से 7 युवकों ने उसे जबरन अंदर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। घटना के समय होटल में ठहरे सभी युवक एक ही आईडी पर रुके हुए थे। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक को डराया-धमकाया भी गया। मामला उस समय चर्चा में आया जब घटना के करीब चार दिन बाद सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई और इसके बाद पीड़ित सीधे मकरोनिया थाने पहुंचा, जहां उसने पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस का कहना है कि तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर उस रात होटल के अंदर क्या हुआ था और सच क्या है।