प्रेमी संग मिलकर रचा खौफनाक मर्डर प्लान, पत्नी बनी मौत की साजिशकर्ता !
एमपी के झाबुआ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की ऐसी साजिश रची, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रेलवे ट्रैक के पास मिली एक अज्ञात लाश की गुत्थी जब पुलिस ने सुलझाई तो कहानी किसी क्राइम फिल्म से कम नहीं निकली। दरअसल, 11 जून 2026 को पेटलावद थाना क्षेत्र के बामनिया इलाके में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया की मदद से मृतक की पहचान 36 वर्षीय बहादूर भूरिया निवासी ग्राम सेमलिया के रूप में हुई। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने हर पहलू से जांच की। घटनास्थल और परिस्थितियों को देखकर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। जांच आगे बढ़ी तो जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी समिता उर्फ सुमित्रा के गांव के ही गलिया निनामा नाम के युवक से प्रेम संबंध थे। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। चार महीने पहले पत्नी मायके चली गई थी और वहीं से दोनों लगातार संपर्क में थे। आरोप है कि प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने के लिए पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत परिचित के जरिए जहरीली गोलियां मंगवाई गईं।
फिर बहादूर को बुलाया गया, शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया और बाद में गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने पत्नी, प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।