रात के समय कबाड़खाने में भड़की आग, हर तरफ आग और काला धुआं, लगातार होते रहे धमाके
कबाड़खाने में रात के समय अचानक से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग बढ़ती जा रही थी। लोगों को इस बात का डर भी सता रहा था की पास ही रहवासी बस्ती थी अगर आग और ज्यादा फैलती तो बड़ी घटना भी हो सकती थी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की तकरीबन आधा दर्जन टीमें आग बुझाने मौके पर पहुंची। घटना जबलपुर जिले के गढ़ा थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर पुरवा रोड के पास से सामने आई। आग की लपटें काफी दूर से ही दिखाई दे रही थी।
आसमान में काला धुएं का गुबार नज़र आ रहा था। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी थी। बताया जा रहा है की कबाड़खाने से लगातार धमाके जैसी भी आवाजें आ रही थी। फिलहाल ये साफ़ नहीं है की आखिर धमाका किस चीज में हुआ। सबसे चौंकाने वाली ये निकलकर सामने आई की रहवासी इलाके के नजदीक कथित तौर से इस कबाड़खाने का अवैध संचालन किया जा रहा था।
दमकल की टीमें आग बुझाने के लगातार प्रयास कर रही थी लेकिन आग इतनी ज्यादा फ़ैल चुकी थी की बुझाये नहीं बुझ रही थी। करीब चार घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस लगातार लोगों को दूर रहने की समझाइश दे रही थी।
अग्निकांड के बाद क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है की आगजनी का शिकार हुआ कबाड़खाना कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा था। सवाल ये उठ रहा है की अगर कबाड़खाना बिना अनुमति के चल रहा था तो उसे संचालित करने की अनुमति किसने दी। राहत की बात ये रही की दमकल टीमों ने आग पर काबू पा लिया था। गनीमत की बात ये भी है की कोई जनहानि नहीं हो पाई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है। खबर पढ़े जाने तक आग कैसे लगी इस बात का पता नहीं चल पाया था।------