सरकारी परिसर से कीमती चंदन के तीन पेड़ काट ले गए चोर, निरीक्षण के दौरान हुआ खुलासा
बीएसएफ अकादमी परिसर से चन्दन के तीन कीमती पेड़ चोरी किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों द्वारा चंदन के पेड़ों की टहनियां चोरी की गयी। सरकारी परिसर से इस तरह चोरी की घटना को अंजाम दिया जाना कई तरह के सवाल खड़े करता है। मामला ग्वालियर जिले के टेकनपुर स्थित बीएसएफ अकादमी का है। जहां डबरा सिटी थाना अंतर्गत टेकनपुर पुलिस चौकी में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच कर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गयी है।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अकादमी टेकनपुर के कैंपस में घुसकर चंदन के पेड़ चोरी कैसे हो गए। इस बात की किसी को जानकारी नहीं है। अज्ञात चोर अकादमी परिसर से तीन चंदन के पेड़ों की टहनियां काटकर ले गए। ये घटना बीते महीने 23 मई की बताई जा रही है। जहां अकादमी के अधिकारियों की ओर से निरीक्षण के दौरान चोरी का खुलासा हुआ। जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। जहां सीमा सुरक्षा बल के कर्मचारी कोमल सिंह चौधरी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
मामले में एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि BSF कैंपस के अंदर लगे चंदन के तीन पेड़ों की टहनियों को अज्ञात व्यक्ति काट ले गया है। आवेदन मिलने के बाद इस मामले में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।