साइबर ठगी का नया तरीका,सोने के सिक्के खरीदकर किसी दूसरे खाते से कर रहे थे पैसे ट्रांसफर,3 गिरफ्तार
पढ़े लिखे नौजवान युवक भी साइबर ठगी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने ताजा मामले में अन्तर्राज्जीय साइबर ठग गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया जो नया तरीका इजाद कर वारदात कर रहे थे। साथ ही लाखों रूपये ठगी कर चुके थे। मामला उज्जैन जिले का है। शातिर युवकों ने नए तरीके से ठगी की, जिसमें ये ठग पहले गोल्ड शो रूम से सोने का सिक्का खरीदते थे। इसके बाद दुकानदार से क्यूआर कोड लेकर पैसे ट्रांसफर करते। लेकिन अकाउंट उस व्यक्ति का होता जो साइबर ठगी का शिकार होता था। इस तरह इन्होने करीब चार लोगों के साथ धोखाधड़ी की। इस गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली का रहने वाला है। वहीं तीनों युवक नर्मदापुरम जिले के बताये जा रहे हैं। पुलिस टीम ने कोर्ट से आरोपियों का रिमांड मांगा था जो उन्हें मिल गया है अब ठगों से अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही कई अन्य खुलासे होने की उम्मीद भी जताई जा रही है। दिल्ली निवासी इस गिरोह के मास्टरमाइंड की पुलिस तलाश कर रही है।
उज्जैन पुलिस कन्ट्रोल रूम में एसपी प्रदीप शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया की उज्जैन के चार गोल्ड शो रूम मालिकों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी की उनके बैक खाते को होल्ड कर दिया गया है। उन्होंने पुलिस को एक मोबाइल नंबर भी दिया। पुलिस ने इस मोबाइल नंबर के आधार पर जांच पड़ताल शुरू की। जिसके जरिये उनके खाते में रूपए आये थे। पुलिस ने इसी आधार पर कार्यवाही करते हुए जबलपुर में रहने वाले कशिश बढानी, राहुल गुप्ता और अनिमेष वर्मा को हिरासत में लिया। जिन्होंने पूछताछ में बताया की वह साइबर ठगी के रुपयों से सोने की ऑनलाइन खरीदी करते थे। इस दौरान उन्होंने उज्जैन के चार गोल्ड शो रूम से लाखों रुपए के सोने की खरीदारी की है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि गिरोह के सदस्य मोबाइल अपडेट कराने के नाम पर सायबर ठगी करते थे और उसी रकम से ऑनलाइन पेमेंट कर सोना खरीद लेते थे। गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली का रहने वाला है। वह और उसके साथी फिलहाल फरार है। जिनकी गिरफतारी पर दस-दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही पूछताछ में कई और खुलासे होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।-