फोन पर वि वाद के बाद दो गुट आमने-सामने, दिनदहाड़े गोलियां! कलारी चौराहे पर मची दहशत
एमपी के ग्वालियर में सरेआम फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। सिरोल थाना क्षेत्र के कलारी चौराहे पर दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात गाली-गलौज से निकलकर गोलियों तक पहुंच गई। दोनों पक्ष अपने-अपने साथियों के साथ पहुंचे और फिर लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग शुरू हो गई। अचानक चली गोलियों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार मुरार निवासी गौरव दीक्षित और सिरोल निवासी राजा यादव के बीच पहले फोन पर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई। कुछ ही देर बाद दोनों अपने-अपने साथियों के साथ सिरोल थाना क्षेत्र के कलारी चौराहे पर पहुंच गए। पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने लाइसेंसी बंदूकों से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। दुकानदारों ने दुकानें बंद कर लीं और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह भी थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गौरव दीक्षित के एक साथी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है