Sagar- 2 लाख कैश और पल्सर की मांग पर टूटी शादी, खुशियों का मंडप बना हंगामे का अखाड़ा SAGAR TV NEWS
मध्यप्रदेश के सागर जिले के खुरई से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने एक बार फिर दहेज प्रथा की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है। यहां खुशियों से सजा शादी का मंडप अचानक हंगामे में बदल गया, जब वरमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा पक्ष ने 2 लाख रुपए नकद और एक पल्सर बाइक की मांग रख दी। मांग पूरी नहीं होने पर शादी टूट गई और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
मामला खुरई के सरस्वती शिशु मंदिर के पास पठारी रोड का बताया जा रहा है। यहां 19 जून को रामदास बंसल की बेटी निशा बंसल का विवाह समारोह आयोजित था। बारात बेगमगंज तहसील के गोपालपुर गांव से आई थी। दूल्हा सुरेंद्र बंसल अपने परिजनों और बारातियों के साथ शादी समारोह में पहुंचा था।
परिजनों के मुताबिक शुरुआत में सभी कार्यक्रम सामान्य तरीके से चल रहे थे। गीत-संगीत, स्वागत और वरमाला की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। लेकिन इसके कुछ देर बाद माहौल अचानक बदल गया।
लड़की पक्ष का आरोप है कि वरमाला के बाद दूल्हा पक्ष ने अचानक 2 लाख रुपए नकद और एक पल्सर बाइक की मांग रख दी। जब परिवार ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई तो विवाद बढ़ गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि दूल्हा पक्ष और कुछ बारातियों ने अभद्रता और मारपीट भी की। इसके बाद दूल्हा सुरेंद्र बंसल बारात लेकर वापस लौट गया और शादी टूट गई।
घटना के बाद लड़की पक्ष न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचा, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उन्हें सुबह आने के लिए कह दिया।
एक तरफ देश दहेज मुक्त समाज की बात कर रहा है, दूसरी तरफ ऐसी घटनाएं समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। अब सबकी नजर प्रशासन पर है कि इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।