करोड़ों की सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर! बस स्टैंड क्षेत्र में प्रशासन का बड़ा एक्शन | SAGAR TV NEWS |
प्रशासन ने करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। बस स्टैंड क्षेत्र में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बस स्टैंड क्षेत्र में तालाब तक पहुंचने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था। यहां सरकारी जमीन पर अवैध रूप से ठेले और गुमटियां रखी गई थीं। आरोप है कि इस कब्जे की आड़ में कुछ लोग इन स्थानों से किराया भी वसूल रहे थे। सरकारी जमीन पर कब्जे की लगातार शिकायतें प्रशासन तक पहुंच रही थीं। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की और शुक्रवार को संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई।
नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र को घेरकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासनिक अमले ने एक-एक कर अवैध रूप से रखे गए ठेले, गुमटियां और अन्य कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी पूरी तरह तैनात रहा। इस दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई और कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
कई लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को जरूरी बताया। अधिकारियों ने साफ कहा है कि सार्वजनिक और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जहां भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण मिलेगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह है कि करोड़ों की जमीन पर इतने समय तक कब्जा कैसे बना रहा और इसके पीछे कौन लोग थे? इस पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।