डंपर चालक ने महिला अधिकारी की कार को मारी टक्कर,फिर चालक ने दी धमकी,FIR दर्ज ! | SAGAR TV NEWS |
सड़क पर बिना नंबर के डंपर दौड़ा रहे चालक का आतंक देखने को मिला। आरोप है की पहले उसने एक कार को टक्कर मारी इसके बाद जल संसाधन विभाग की महिला अधिकारी समेत परिवार को धमकाते हुए कुचलने की बात कही। चालक के शराब के नशे में होने की बात कही गयी। वहीं मौके पर चालक को समझाने पहुंचे डंपर मालिक को उसे भगाने का भी आरोप है। मामले में पीड़ितों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गयी है। मामला एमपी के बड़वानी का है। बताया जा रहा है की घटना कलेक्टर निवास के पास की है। जहां एक बिना नंबर प्लेट वाले डंपर द्वारा कार को टक्कर मारने का मामला सामने आया। वहीं चालक पर शराब के नशे में अभद्रता और लोगों को कुचलने की धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। शिकायत पर बड़वानी पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की है।
अभिनव कॉलोनी सेंधवा निवासी भगत सिंह रावत ने शिकायत दर्ज कराई जिसमें उन्होंने कहा की वे अपनी भतीजी और बहन के साथ कार से जयपुरिया स्कूल तरफ जा रहे थे। तभी कलेक्टर निवास के पास पुलिस पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आए एक बिना नंबर प्लेट और बिना साइड ग्लास वाले डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के कर्मचारियों ने चालक से बात की तो वह कथित रूप से शराब के नशे में था और अभद्र व्यवहार कर रहा था।
जल संसाधन विभाग की अधिकारी नेहा शर्मा के समझाने पर चालक ने धमकी देते हुए कहा कि सामने से हट जाओ, नहीं तो सबको उड़ाते हुए निकल जाऊंगा। इसके अलावा ये भी आरोप है की डंपर मालिक सतीश गुर्जर मौके पर पहुंचे और चालक को वहां से भगा दिया। वहीं डंपर चालक द्वारा मौके पर मौजूद अन्य कई लोगों से भी अभद्रता करने के आरोप हैं।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है।