Sagar- बुजुर्ग किसान से लूट करने वाला यूपी का बदमाश गिरफ्तार, बीना पुलिस का खुलासा | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना पुलिस ने करीब ढाई महीने पहले बुजुर्ग किसान के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसने किसान को बातों में उलझाकर उसकी जेब से नकदी झपट ली थी। बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 8 अप्रैल 2026 की है। फरियादी लालजू कुर्मी, जो खिमलासा थाना क्षेत्र के बसाहरी गांव के निवासी हैं, बीना से अपने गांव बाइक से लौट रहे थे।
इसी दौरान धनौरा गांव के मंदिर के पास एक कार सवार व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। बताया गया कि आरोपी पहले किसान से सामान्य बातचीत करने लगा और हालचाल पूछते हुए उसे बातों में उलझा लिया। बातचीत के दौरान आरोपी की नजर किसान की जेब पर पड़ी और उसने पूछा कि जेब में क्या रखा है। किसान ने अनजाने में बता दिया कि वह खेती से जुड़े व्यापारी से पैसे लेकर लौट रहा है।
इसके बाद आरोपी ने मौका देखते ही किसान की जेब से 15 हजार 530 रुपए झपट लिए और कार लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि किसान ने जाते समय कार का नंबर देख लिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कार नंबर के जरिए आरोपी की पहचान विनय लिट्रौरिया निवासी ललितपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस को जैसे ही पता चला कि आरोपी फरार हो गया है, टीम लगातार ललितपुर पहुंचकर उसकी तलाश में जुट गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से लूटी गई रकम में से 5 हजार रुपए बरामद किए गए, जबकि बाकी पैसे उसने पार्टी और अन्य खर्चों में उड़ा दिए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।