Sagar - नियमों की धज्जियां उड़ाते स्कूल बसो के खिलाफ यातायात पुलिस की कार्रवाई, 70 बसों की चैकिंग में क्या हुआ जाने
सागर में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे स्कूली वाहन संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग के बाद यातायात पुलिस ने भी मोर्चा खोल दिया है। यातायात पुलिस की टीम पिछले 3 दिन से लगातार शहरी क्षेत्र में स्कूली वाहनों की सघन चैकिंग कर रही है।
इस दौरान अलग-अलग स्कूलों के 70 से ज्यादा वाहनों को चैक किया, जिसमें से 28 वाहनों में कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की गई है, जिसमें अधिकांश स्कूल बस शामिल हैं। यातायात पुलिस ने कमियां पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया है।
यातायात डीएसपी मयंक चौहान ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार स्कूली वाहनों की जांच चल रही है। निरीक्षण के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट गेट जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं।
इसके अतिरिक्त कई बस चालकों द्वारा निर्धारित वर्दी व नेम प्लेट धारण नहीं करने जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं। सभी स्कूल संचालक व वाहन संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है