सागर फिर हुआ गौरवान्वित, युवा ने ऐसे विचार रखे की हैरान रह गए लोग,जमकर हो रही प्रशंसा
सागर फिर एक बार गौरवान्वित महसूस हुआ है। डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के एक छात्र ने न सिर्फ सागर बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के बीए एलएलबी ऑनर्स चतुर्थ वर्ष के छात्र आशुतोष पाठक ने नारी शक्ति वंदन विषय पर ऐसे विचार रखे की लोग हैरान रह गए। जिसके बाद इस युवा की जमकर प्रशंसा की जा रही है। आशुतोष की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय और पूरे सागर जिले में खुशी का माहौल है।
दरअसल डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीए एलएलबी ऑनर्स चतुर्थ वर्ष के छात्र आशुतोष पाठक ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 के राष्ट्रीय चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में आशुतोष ने पहले जिला स्तर पर पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के करीब 270 प्रतिभागियों के बीच दूसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए।
वहीं राष्ट्रीय चरण में देशभर से लगभग 50 हजार प्रतिभागियों में से चुने गए शीर्ष 100 युवाओं को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आमंत्रित किया गया। यहां आशुतोष ने देश के अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संसदीय चर्चा में भाग लिया और नारी शक्ति वंदन विषय पर अपने विचार भी रखे। आशुतोष पाठक ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों, विश्वविद्यालय, परिवार और शुभचिंतकों को दिया है।------