दो सगे भाई एक साथ तालाब में समा गए, पूरे गांव में पसर गया मातम, आंगन हुआ सूना
आखिर क्या बीती होगी उस माँ-बाप पर जिनके घर के दो चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। दो मासूम बच्चे जो घर की रौनक थे। उनके जाने से घर आंगन सूना हो गया। परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों भाई सोशल मीडिया पर सक्रीय थे और रील बनाते थे। जिन्होंने एक साथ दम तोड़ दिया। दरअसल खंडवा जिले के धनगांव थाना क्षेत्र में स्थित तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की जान चली गयी। जिसके बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। यह पूरी घटना पलासी गांव से सामने आई है। जिसे देखकर और सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया।
बताया जा रहा है की पलासी निवासी राजू गुर्जर अपनी पत्नी के साथ खेत पर मजदूरी करने गया था। दोपहर के समय उसके दोनों बेटे सुधीर 15 साल और राज 12 साल भी खेत पर पहुंच गए। जिसके नजदीक ही तालाब में पिता अपने बैलों को पानी पिला रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे तालाब में नहाने लगे और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। पिता बैलों को पानी पिलाने में मशगूल था। कुछ देर बाद ही जब दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए तो उनकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोजबीन की गई।
जिसके बाद पिता के पैरों तलें जमीन खिसक गई। दोनों बच्चों को बुरी हालत में बाहर निकाला गया। और तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद धनगांव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान लिए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है। वहीं पीएम कराने के बाद डेड बॉडी को उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
ऐसी जानकारी है की दोनों भाई सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। जो इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करते थे। थाना प्रभारी जीपी वर्मा ने बताया की मामले की जांच की जा रही है।------