Sagar- दिव्यांग को उसी की बैसाखी से पीट- पीट कर हत्या, इलाज के दौरान मौत, पैसों के विवाद में
सागर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पैसों के लेन-देन का विवाद इतना बढ़ गया कि एक दिव्यांग व्यक्ति की जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि जिन बैसाखियों के सहारे वह जिंदगी का सफर तय कर रहा था, उसी को उसके खिलाफ हथियार बना दिया गया।
मामला बंडा थाना क्षेत्र के बीजरी गांव का है, जहां रविवार देर रात हुई मारपीट ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। जानकारी के मुताबिक 40 वर्षीय टीकाराम लोधी अपने घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बातचीत के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि राधे लोधी और झब्बू सहित अन्य लोगों ने टीकाराम पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने टीकाराम की बैसाखी छीन ली और उसी से उनके चेहरे पर वार करना शुरू कर दिया।
हमला इतना बेरहमी से किया गया कि टीकाराम के मुंह और नाक में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह विवाद शांत कराया गया।
मृतक के भाई मेघराज लोधी ने बताया कि वह अपने भाई के लिए खाना लेकर पहुंचे थे, लेकिन भाई खाना भी नहीं खा पाया। कुछ ही देर में आरोपी वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।
घायल टीकाराम को तत्काल बंडा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बंडा थाना प्रभारी अंजली उदेनिया के मुताबिक मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
मामले में बंडा एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि ने जानकारी देते हुए बताया की पैसों के लेनदेन के को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें दो लोगों ने टीकाराम लोधी का मर्डर किया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।
एक मामूली विवाद का इतना खौफनाक अंत... यह घटना कई सवाल छोड़ गई है। क्या गुस्सा अब इंसानियत से भी बड़ा हो गया है?