तेज रफ़्तार बेकाबू ट्रक पहुंचा खेत में, कंडक्टर की गई जान, चालक लड़ रहा ज़िंदगी से जंग
सड़क पर बना हुआ एक मोड़ ब्लैक स्पॉट ही नहीं बल्कि बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। जहां फिर एक बार दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक तेज रफ़्तार बेकाबू ट्रक सड़क से नीचे उतरते हुए सीधे खेतों में जा पहुंचा। जिसका केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और परिचालक उसमें ही बुरी तरह फंस गए। जिससे परिचालक ने दम तोड़ दिया। जबकि छलक घायल है। ये पूरी घटना पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र की है। जहां कचौरी मोड़ के पास सुबह के समय हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है की कटनी से पन्ना तरफ जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। रफ्तार इतनी तेज थी की ट्रक करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया और एक पेड़ से टकराकर रुक गया। जिससे ट्रक के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और परिचालक दोनों बुरी तरह केबिन के अंदर फंसे हुए थे।
सूचना मिलने के बाद शाहनगर थाना प्रभारी परसराम डाबर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन मशीन की मदद से भारी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के कंडक्टर शेष मणि, निवासी बुड़वा, जिला शहडोल की मौके पर ही जान चली गई। वहीं चालक राम सजीवन यादव निवासी बुड़वा, जिला शहडोल जिंदगी से संघर्ष कर रहा है। उसे गंभीर हालत में शाहनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।------