सूने मकान से की थी 40 लाख की चोरी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
चोर पहले इलाकों में रैकी करते इसके बाद सूने घरों को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम देते थे। इसी तरह चोरों ने एक सूने मकान में भी लाखों रूपये की सेंध लगाई थी। जहां जेवर और नगदी समेत करीब 40 लाख रूपये की चोरी की थी। मामले में पुलिस ने एक हफ्ते बाद ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए खुलासा किया। साथ ही लाखों का माल भी बरामद किया गया है। मामला उज्जैन जिले के नागदा थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है की अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया था। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार सात दिनों तक नागदा, उज्जैन, खाचरौद, इंदौर और महिदपुर समेत कई क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। नेशनल हाईवे और अलग-अलग मार्गों पर लगे कैमरों के सैकड़ों घंटों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रतलामसिंह उर्फ रत्तु निवासी सिगनुर, जिला खरगोन को सनावद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जिसने पूछताछ में अपने साथियों दीपक सिकलीगर और शिवराज के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। बताया गया की आरोपी पहले रैकी करते फिर सूने मकानों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने करीब 6 लाख रूपये कीमत के सोने के जेवर और 70 हजार नगद बरामद किये हैं। अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास भी किये जा रहे हैं। पुलिस आगे की कार्यवाई में जुटी हुई है।-