Sagar- बेघर परिवारों के समर्थन में धरना, 7 दिन में न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस
सागर जिले के बीना में रेलवे द्वारा किए गए ध्वस्तीकरण के बाद अब सियासत भी गर्माने लगी है। सैकड़ों परिवारों के बेघर होने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतर आई है। कड़कती धूप के बीच कांग्रेस नेताओं और पीड़ित परिवारों ने धरना प्रदर्शन कर प्रशासन से राहत, पुनर्वास और मुआवजे की मांग की। मामला बीना नगर के शिव वार्ड और शास्त्री वार्ड क्षेत्र का है, जहां रेलवे द्वारा किए गए ध्वस्तीकरण से प्रभावित परिवारों के समर्थन में गांधी चौराहा पर कांग्रेस ने धरना दिया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार अंबर पंथी को ज्ञापन सौंपा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रभावित परिवार मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने दावा किया कि 10 जून 2026 को पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा वर्षों से बसे गरीब परिवारों के मकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे कई परिवारों के सामने रहने और जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता महेंद्र नवैया ने कहा कि ध्वस्तीकरण के बाद अनेक परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि अब बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और ऐसे में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
कांग्रेस ने मांग की है कि प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल पुनर्वास, राहत और मुआवजे की व्यवस्था करे ताकि उन्हें सुरक्षित आवास और जरूरी सुविधाएं मिल सकें। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी भी दी कि यदि सात दिनों के भीतर पीड़ित परिवारों को राहत नहीं दी गई, तो बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। फिलहाल अब नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। क्या प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी या यह मुद्दा आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन बनेगा, इस पर सबकी नजर टिकी हुई है।