नीट परीक्षा देकर लौटी छात्रा का शव नर्मदा किनारे मिला! लापता निक्की की मौत से उठे कई सवाल
एक बेहद चौंकाने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहां नीट परीक्षा देकर लौटी एक छात्रा का शव नर्मदा नदी किनारे मिलने से सनसनी फैल गई है। इस घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा के साथ ऐसा क्या हुआ? मामला एमपी के इंदौर से लसूडिया थाना क्षेत्र के तलावली चांदा इलाके का है। यहां रहने वाली निक्की यादव रविवार को महू में आयोजित नीट परीक्षा देने गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद वह घर नहीं लौटी। देर रात तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
परिवार ने हर संभव जगह निक्की की खोज की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सोमवार को भंवरकुआं थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी बीच करई थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी किनारे एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जांच के दौरान शव की पहचान निक्की यादव के रूप में हुई। यह खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। निक्की के पिता रामानंद यादव का कहना है कि उनकी बेटी जैसा कदम नहीं उठा सकती। परिवार का कहना है कि निक्की पढ़ाई में अच्छी थी और अपने भविष्य को लेकर बेहद गंभीर थी। परिजनों ने बताया कि परीक्षा खत्म होने के बाद निक्की ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह महू से भंवरकुआं पहुंच गई है, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि छात्रा ने किसी पुल से नदी में छलांग लगाई हो, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है। फिलहाल यह मामला कई सवाल छोड़ गया है। यह आत्महत्या, हादसा या फिर कोई साजिश? इसका जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।