सागर- भरत तिवारी ह त्या कांड पर सागर में ब्राह्मण समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन,निष्पक्ष जांच की मांग
सागर में मंगलवार को भरत तिवारी हत्याकांड को लेकर ब्राह्मण समाज का आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाजजन एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि बिहार में हुए भरत तिवारी हत्याकांड में गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। समाज का कहना है कि यह मामला सामान्य घटना नहीं है, बल्कि कथित तौर पर फर्जी एनकाउंटर से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है, जिसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होना बेहद जरूरी है।
एसपी कार्यालय पहुंचे समाजजनों ने कहा कि वे किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या एकपक्षीय कार्रवाई के बजाय पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं हुई तो पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पाएगा। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकें और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
समाजजनों ने चेतावनी भी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज न्याय की मांग को लेकर पीछे हटने वाला नहीं है। इस दौरान बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे और भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। फिलहाल ज्ञापन के माध्यम से समाज ने अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचा दी है। अब देखना होगा कि जांच को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं और भरत तिवारी मामले में सच्चाई कब सामने आती है।