पत्नी के गम में शराब पी रहे पति की जान गई, शराब से लगी आग, कमरा बंद होने से नहीं निकल पाए बाहर !
पत्नी की जान चले जाने के बाद पति डिप्रेशन में रहने लगा। उसका गम भुलाने वह शराब पीने लगा। जिसको अब दुखद खबर सामने आई है। घर के अंदर शराब पीते समय अचानक आग भड़क उठी जिससे युवक ज़िंदा जल गया। कमरे का दरवाजा बंद होने की वजह से वह अपने आपको बचा नहीं पाया और उसकी जान चली गयी। घटना ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र से सामने आई है। आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। जहां दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने डेडबॉडी का पीएम कराये जाने के बाद मामले की जांच शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक थाटीपुर थाना क्षेत्र के नदी पार टाल इलाके में रहने वाले विजय शाक्य के घर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगी। जिससे हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन विजय शाक्य गंभीर रूप से झुलस चुका था। जिससे उसने दम तोड़ दिया। शुरूआती जांच में सामने आया की विजय कमरे में अकेला बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान बीड़ी या सिगरेट जलाते समय आग भड़क गई। जो कुछ ही पल में पूरे कमरे में फ़ैल गई।
पुलिस का कहना है की दरवाजा अंदर से बंद था। जिससे आग लगने के बाद विजय बाहर नहीं निकल पाया। बताया गया की कुछ समय पहले उसकी पत्नी की जान चली गई थी। जिसके बाद से वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन में रह रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।