सागर-मॉडिफाइड साइलेंसर और नियम तोड़ने वाले स्कूल वाहनों पर चला शिकंजा, ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन!
सागर में तेज आवाज निकालने वाली मॉडिफाइड बुलेट और नियमों की अनदेखी कर सड़क पर दौड़ रहे स्कूल वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने शहरभर में विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर सख्त कदम उठाए। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में 22 और 23 जून को यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व यातायात डीएसपी मयंक चौहान और यातायात थाना प्रभारी मोहन सिंह ने किया।
चेकिंग के दौरान ऐसे वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई, जिन्होंने अपने वाहनों में नियमों के खिलाफ मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले बदलाव किए थे। जांच में 18 बुलेट मोटरसाइकिलें ऐसी पाई गईं, जिनमें अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। इन सभी वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 32 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में इस प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन से बचने और नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
वहीं दूसरी ओर स्कूल वाहनों की भी सघन जांच की गई। इस दौरान सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का पालन नहीं करने वाले 15 स्कूल वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। इनसे 11 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। निरीक्षण के दौरान फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, फिटनेस और अन्य जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। कुल मिलाकर इस विशेष अभियान में 33 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 43 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। सागर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर नियमों से खिलवाड़ अब महंगा पड़ सकता है और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।