गर्ल्स कॉलेज के पास शराब दुकान हटाने को सड़क पर उतरे छात्र, भाजपा सरकार के खिलाफ ABVP का हल्लाबोल!
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जहां आमतौर पर भाजपा की छात्र इकाई मानी जाने वाली अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी अपनी ही सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आई। मामला छात्राओं की सुरक्षा और गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान को लेकर है। भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे और महारानी लक्ष्मीबाई यानी एमएलबी गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जोरदार नारेबाजी की। पोस्टरों पर लिखा था – “शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं चलेगी” और “जहां ज्ञान की ज्योति जलती है, वहां शराब की दुकान नहीं चलती।” कई छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर भी विरोध जताते नजर आए। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, वरिष्ठ अधिकारी और वॉटर कैनन भी तैनात किया गया। माहौल गर्म होता देख भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा खुद प्रदर्शन स्थल पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत की।
कलेक्टर ने बताया कि इस मामले में पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है और मामला न्यायालय तक पहुंचा है। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि सात दिनों के भीतर नियमों और कानूनी पहलुओं की जांच कर निर्णय लिया जाएगा। वहीं एबीवीपी नेताओं ने कहा कि कॉलेज के पास शराब दुकान छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल के लिए खतरा बन रही है। परिषद ने सीसीटीवी कैमरे लगाने, ओवरब्रिज निर्माण और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास से शराब दुकानों को हटाने की भी मांग की। एबीवीपी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आठवें दिन से आंदोलन और उग्र होगा। अब सवाल यह है कि क्या छात्राओं की सुरक्षा के नाम पर उठी यह मांग पूरी होगी, या फिर यह मुद्दा आने वाले दिनों में और बड़ा राजनीतिक रूप लेगा