सागर- बैसाखी से पीटपीट कर दिव्यांग की हत्या, शराब पार्टी बनी मौत की वजह! दो आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि एक दिव्यांग युवक की उसी बैसाखी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जो उसके सहारे का जरिया थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला बीजरी गांव का है, जहां दिव्यांग टीकाराम लोधी के साथ यह दर्दनाक घटना हुई। पुलिस के मुताबिक 23 जून को मृतक के भाई मेघराज लोधी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी मां के घर खाना खाने गया था और भाई टीकाराम के लिए भी खाना लेकर लौट रहा था।
इसी दौरान गांव के कुछ लोग टीकाराम के पास बैठे थे, जो उसे देखकर वहां से चले गए। लेकिन कुछ देर बाद गांव के ही झब्बू लोधी और राधे लोधी वापस आए और अचानक टीकाराम के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने दिव्यांग टीकाराम को उसकी बैसाखी से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उसे तत्काल बंडा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।