प्रॉपर्टी डीलर के सूने मकान में दिनदहाड़े 25 लाख के जेवर चोरी, 6 लाख छोड़ भागा चोर,CCTV में हुआ कैद
प्रॉपर्टी डीलर के सूने मकान में दिनदहाड़े घुसकर बदमाश ने करीब 25 लाख रूपये के कीमती जेवरों पर हाथ साफ़ कर दिया। लेकिन इसी दौरान घर का एक सदस्य वहां पहुँच गया। जिससे चोर भाग खड़ा हुआ इसी दौरान दीवार फांदते हुए 6 लाख रूपये की नगदी उसके हाथ से छूट गई। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। जिसमें बदमाश को भागते हुए देखा जा सकता है।
आपको नज़र आने वाली ये तस्वीरें मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना अंतर्गत न्यू हाउसिंग कॉलोनी से सामने आई हैं। प्रॉपर्टी डीलर हरेश परमार के सूने मकान में घुसे बदमाश ने करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात चुरा लिए। शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है की न्यू हाउसिंग कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर हरेश परमार परिवार समेत किसी काम से घर से बाहर गए थे। तभी एक बदमाश घर की बाउंड्री कूदकर अंदर पहुंचा। तकरीबन 20 मिनट तक घर के अंदर रहकर चोरी की। इस दौरान घर में रखे करीब 199 ग्राम वजनी सोने के जेवर चोरी कर लिए। जिनमें दो सोने की जंजीरें, एक अंगूठी, दो जोड़ी झुमके और एक सोने का हार शामिल है। जिनकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
वहीं आरोपी घर में रखी 6 लाख रुपये की नकदी भी ले चुका था। तभी अचानक परिवार का एक सदस्य घर वापस लौट आया। जिसे देखकर चोर घबरा गया और भागने के लिए बाउंड्री फांदने लगा। इसी दौरान हड़बड़ी में 6 लाख रुपये की नकदी की पोटली नीचे गिर गई। जो परिवार को वापस मिल गयी। लेकिन वह जेवर ले जाने में कामयाब रहा।
सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। आरोपी की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है। फ़िलहाल पुलिस की जांच जारी है।------