थप्पड़ का बदला बना क त्ल की वजह! चंद घंटों में पुलिस ने खोला आमिर हत्याकांड का राज
सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। जिस हत्या को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं, उसके पीछे की वजह बेहद चौंकाने वाली निकली। महज एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए चार लोगों ने मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 निवासी आमिर खान उर्फ बुच्ची का शव मंगलवार को उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया के अनुसार, जांच में सामने आया कि मृतक आमिर खान और मुख्य आरोपी रामजी ठाकुर के बीच 22 जून को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आमिर ने रामजी को थप्पड़ मार दिया था। यही थप्पड़ आरोपी के लिए बदले की वजह बन गया। पुलिस के मुताबिक रामजी ठाकुर ने अपने तीन साथियों पवन ठाकुर, शेर खान और चंदन सिंह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। सोमवार रात चारों आरोपियों ने आमिर पर चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसकी जांघ पर गंभीर वार किए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है। बताया गया है कि मुख्य आरोपी रामजी ठाकुर और मृतक आमिर दोनों का नाम गुंडा सूची में भी दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।