वर्दी में गांव लौटा अग्निवीर, बेटे के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जहां अग्निवीर की ट्रेनिंग पूरी कर गांव लौटे एक युवा का जोरदार स्वागत किया गया। जैसे ही वर्दी पहनकर बेटा अपने गांव पहुंचा, पूरा माहौल देशभक्ति और गर्व के भाव से भर गया। बस स्टैंड से लेकर गांव की गलियों तक लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई अपने गांव के इस होनहार बेटे का स्वागत करने के लिए मौजूद दिखाई दिया। मामला एमपी के छतरपुर जिले के बकस्वाहा विकासखंड के जैतूपुरा गांव का है। यहां के 18 वर्षीय विकास प्रजापति ने अग्निवीर में चयनित होकर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विकास ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बकस्वाहा से पढ़ाई पूरी की और बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से तैयारी शुरू की।
कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रयास के दम पर विकास ने भर्ती परीक्षा, फिजिकल टेस्ट, मेडिकल और मेरिट सूची के सभी चरण सफलतापूर्वक पार किए। इसके बाद उन्हें हैदराबाद स्थित आर्मी एयर डिफेंस सेंटर में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया, जहां उन्होंने छह माह की ट्रेनिंग पूरी की। ट्रेनिंग पूरी कर जैसे ही विकास अपने गांव पहुंचे, बस स्टैंड पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मां ने बेटे को गले लगाकर भावुक अंदाज में स्वागत किया, वहीं परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
विकास ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मजदूर पिता की मेहनत, गुरुजनों की शिक्षा, परिवार के सहयोग और बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता जरूर मिलती है। एक साधारण परिवार से निकलकर वर्दी तक पहुंचने की यह कहानी अब पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।