गांवों में मुफ्त शराब बांटने का आरोप! सोशल मीडिया वीडियो पर मचा बवाल
एमपी के बुरहानपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया के इस्तेमाल और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती शराबखोरी को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और प्रचार पाने के लिए एक युवक गांव-गांव जाकर लोगों को मुफ्त में शराब पिला रहा है और उसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा है। मामले की शिकायत अब प्रशासन तक पहुंच गई है। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण युवक रमजान तड़वी ने प्रशासन को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति अपनी गाड़ी में शराब लेकर गांवों और आदिवासी क्षेत्रों में पहुंचता है और लोगों को मुफ्त में शराब पिलाकर वीडियो बनाता है। इसके बाद इन वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाता है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसे वीडियो युवाओं और बच्चों को गलत दिशा में प्रभावित कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के भोले-भाले लोगों तथा मजदूर वर्ग को शराब की ओर आकर्षित किया जा रहा है, जिससे सामाजिक और आर्थिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गांवों में बढ़ती शराबखोरी के कारण विवाद, चोरी और अन्य सामाजिक समस्याओं में भी वृद्धि देखी जा रही है। इसी को देखते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं मामले को लेकर जिला आबकारी अधिकारी पार्थ शर्मा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति शराब का प्रचार करता है या लोगों को घर-घर जाकर शराब उपलब्ध कराता है तो यह नियमों के खिलाफ हो सकता है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमन शिवहरे ने दावा किया कि वे शराब नहीं बल्कि बोतलों में कोल्ड ड्रिंक या अन्य पेय पदार्थ देते हैं और यह केवल सोशल मीडिया कंटेंट और लोकप्रियता के लिए किया गया था। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।