सागर- दिनदहाड़े सूने घर में धावा, भोपाल से आए चोरों का गैंग गिरफ्तार! CCTV ने खोला राज SAGAR TV NEWS
सागर में दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी भोपाल से सिर्फ चोरी करने सागर पहुंचे थे। लेकिन उनकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चली और आखिरकार सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल लोकेशन ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। जानकारी के मुताबिक, यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एमआईजी कॉलोनी का है। फरियादिया कल्पना रावत ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया था कि वह अपने बेटे राजा रावत के इलाज के लिए घर में ताला लगाकर अस्पताल गई थीं। लेकिन जब दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वापस लौटीं तो घर के बाहर एक युवक बाइक लेकर खड़ा दिखाई दिया।
इसी दौरान दो अन्य युवक घर की बाउंड्रीवाल कूदकर भागते नजर आए। बेटे ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो एक बदमाश ने चाकू दिखाकर धमकाया और तीनों मौके से फरार हो गए। जब परिवार ने घर के अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। घर का सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश सोने-चांदी के जेवर, चांदी के सिक्के और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान हुई और उनकी लोकेशन भोपाल में मिली। पता चला कि भोपाल पुलिस पहले ही इन्हें किसी अन्य मामले में पकड़ चुकी है। इसके बाद सागर पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर तीनों को सागर लाकर पूछताछ की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजा, लकी और विजय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।