सागर- मंदिर में दिनदहाड़े चोरी ! हनुमान जी का चांदी का मुकुट ले उड़े चोर, ग्रामीणों में आक्रोश
सागर जिले के खुरई में चोरों के हौसले अब इतने बुलंद हो चुके हैं कि मंदिर भी उनकी नजरों से नहीं बच रहे। खुरई देहात थाना क्षेत्र के नरोदा गांव में दिनदहाड़े राज मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां चोर भगवान हनुमान जी का चांदी का मुकुट चुराकर फरार हो गए। खास बात यह है कि इसी मंदिर में पिछले एक साल के भीतर चोरी की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नरोदा गांव स्थित राज मंदिर में रोज की तरह पूजा-अर्चना की गई थी। पूजा करने के बाद पुजारी मंदिर के पीछे स्थित अपने निवास पर चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब पुजारी का बड़ा बेटा मंदिर पहुंचा, तो उसने देखा कि हनुमान जी की प्रतिमा पर रखा चांदी का मुकुट गायब है।
शुरुआत में उसे लगा कि शायद मुकुट कहीं हटाया गया होगा, लेकिन जब पुजारी से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि पूजा के समय मुकुट अपनी जगह पर मौजूद था। इसके बाद गांव में सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंच गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि एक ही मंदिर में एक साल के अंदर तीसरी बार चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद चोरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।