महीनों से नहीं मिला वेतन! सफाईकर्मी बोले शहर साफ कर रहे, लेकिन घर चलाना हुआ मुश्किल! | SAGAR TV NEWS
शहर को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई कर्मचारी आज खुद अपनी जिंदगी की परेशानियों से जूझ रहे हैं। एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया नगर पालिका के कर्मचारी महीनों से वेतन न मिलने से परेशान हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि परिवार चलाना, बच्चों की फीस भरना और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। इसी समस्या को लेकर नगर पालिका के कर्मचारियों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई दिया।
गुरुवार को पथरिया नगर पालिका के सफाई कर्मचारी और अन्य कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि वे लगातार शहर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं, जबकि कुछ कर्मचारी जल विभाग सहित अन्य जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि हर बार सिर्फ आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।
कर्मचारियों ने बताया कि कई बार तीन से चार महीने तक वेतन रोक दिया जाता है और फिर केवल एक महीने का भुगतान कर बाकी राशि जल्द देने का भरोसा दिया जाता है। लेकिन यह प्रक्रिया लगातार दोहराई जा रही है। वेतन न मिलने का असर अब सीधे उनके परिवारों पर दिखाई देने लगा है। बच्चों की स्कूल फीस जमा करना मुश्किल हो गया है, राशन और घरेलू खर्चों की चिंता बढ़ गई है। कर्मचारियों का कहना है कि आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि घर चलाना भी चुनौती बन गया है।
कर्मचारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं मामले को लेकर एसडीएम निकेत चौरसिया ने कहा है कि नगर पालिका सीएमओ से चर्चा कर जल्द समस्या का निराकरण कराया जाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले इन कर्मचारियों को आखिर उनकी मेहनत का हक कब मिलेगा?