कुएं के पानी से बिगड़ी ग्रामीणों की तबीयत, गांव में मचा हड़कंप | SAGAR TV NEWS |
एमपी के छिंदवाड़ा जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां गांव के कुएं का पानी पीने के बाद कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। मामला बिछुआ ब्लॉक के किशनपुर गांव का है, जहां एक दर्जन से ज्यादा लोगों के बीमार होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार किशनपुर गांव में जिस कुएं से लोगों को पानी की सप्लाई की जाती है, उसी पानी का सेवन करने के बाद कई ग्रामीणों की अचानक तबीयत खराब होने लगी। लोगों को उल्टी, चक्कर और बेचैनी जैसी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बीमार लोगों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुएं में किसी जहरीले पदार्थ को मिलाया गया हो सकता है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के जिस कुएं से पानी की आपूर्ति होती है, वहां कुछ संदिग्ध सामग्री और जीव-जंतु मिले हैं। इसके बाद लोगों में और ज्यादा डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुएं का पानी खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही गांव में स्वास्थ्य टीम भी तैनात की गई है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं जिन लोगों की तबीयत बिगड़ रही है, उन्हें लगातार अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।