ट्रेन में सो रहा यात्री जोर से चिल्लाया, सांप ने काट लिया,लोग यहाँ-वहां भागे पूरा डिब्बा हो गया खाली
एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री अचानक से चिल्ला उठा। जब उन्होंने कहा की उन्हें सांप ने काट लिया है तो ट्रेन की बोगी में हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनिट में पूरा कोच खाली हो गया। लोग अपनी जान बचाने दूसरे डिब्बों में भागे। यात्री की चीख सुनने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी थी। ये सब हुआ जबलपुर में, जिसके बाद पूरे डिब्बे की तलाशी ली गयी लेकिन सांप का कहीं भी कुछ पता नहीं चल पाया। यात्री को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है की पूर्णा से पटना जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में शुक्रवार सुबह अफरा-तफरी मच गई। एस-8 कोच में सफर कर रहे एक यात्री विकास कुमार गहरी नींद में थे। उन्होंने अचानक चिल्लाते हुए कहा की सांप ने काट लिया है। दरअसल उन्हें पैर में कुछ काटने जैसा महसूस हुआ। दर्द के साथ उनकी नजर किसी पूंछ जैसी चीज पर पड़ी। जिससे उन्हें सांप के काटने की आशंका हुई। इसके बाद कोच में अफरा-तफरी मच गयी।
लोग भाग खड़े हुए और डब्बा खाली हो गया। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे अधिकारी, डॉक्टर और स्थानीय सर्प विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। कोच के हर हिस्से, सीटों के नीचे और सभी संभावित स्थानों पर करीब 1 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। ट्रेन एक घंटे तक स्टेशन पर ही खड़ी रही। लेकिन सांप का अता पता नहीं चल पाया। इस दौरान कुछ यात्रियों ने चूहे की पूंछ होने की आशंका भी जताई।
यात्री विकास कुमार को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक जांच के बाद विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया था। हालांकि जांच में ऐसा कोई भी प्रमाण नहीं मिला। जांच पड़ताल के बाद ट्रेन पटना के लिए रवाना हो गयी थी।