6 दिन से अंधेरे में बस्ती, भड़की महिलाओं ने बिजली विभाग का किया घेराव ! कर्मचारियों ने बंद किया गेट
बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। छह दिन तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से परेशान महिलाओं का सब्र टूट गया और उन्होंने सीधे बिजली विभाग के दफ्तर पहुंचकर हंगामा कर दिया। विरोध इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों को कार्यालय का गेट बंद करना पड़ा। मामला एमपी के खंडवा शहर के न्यू राजेंद्र नगर और महादेवी नगर क्षेत्र का है। हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के कारण शहर में कई पेड़ और बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके बाद विभाग द्वारा लगातार मरम्मत कार्य किए जाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इन इलाकों में छह दिन बाद भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं कहारवाड़ी स्थित बिजली विभाग के पावर हाउस पहुंचीं और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का कहना था कि लगातार छह दिनों से वे अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और बिजली नहीं होने से पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है। हंगामे की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके से चले गए। वहीं कर्मचारियों ने दफ्तर का गेट बंद कर खुद को अंदर कर लिया। इससे नाराज महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया और उन्होंने गेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विरोध के दौरान कुछ महिलाओं ने बिजली मीटर बोर्ड पर लगे कट-आउट भी निकाल दिए। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। स्थानीय निवासी आरती पटेल ने बताया कि शहर के दूसरे इलाकों में बिजली जल्दी बहाल हो गई, लेकिन उनके क्षेत्र के लोग छह दिनों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अंधेरे के कारण जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है और बच्चों व बुजुर्गों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब देखना होगा कि विभाग लोगों की नाराजगी के बाद कितनी जल्दी बिजली बहाल करता है या लोगों का गुस्सा और बढ़ेगा।