जमीन के कब्जे को लेकर दो समाज के लोग आपस में टकराये, जमकर हुई मारपीट, कई घायल !
जमीनी विवाद को लेकर दो समाज के लोग आमने-सामने आ गए। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोंक झोंक हो गयी। वहीं इसी बीच बात इतनी बिगड़ गयी की नौबत मारपीट तक पहुंच गयी। जहां लाठी-डंडे और जमकर पत्थर भी चले। जिसमें दोनों तरफ से कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र की है। जहां धमोरा गांव में जैन समाज और कुशवाहा समाज के लोगों में टकराव हो गया। मामले में कुछ वीडियो भी सामने आये हैं। जिसमें बहसबाजी होते दिखाई दे रही है। इसी दौरान हिंसक झड़प भी हो गयी। दोनों पक्षों की तरफ से थाने में शिकायत की गयी है। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है की ये पूरा विवाद जमीन के कब्जे को लेकर हुआ। एक पक्ष का आरोप है की जैन समाज के कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे। जिसका कुशवाहा समाज के लोगों ने विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में अरविंद जैन समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं।
जिनका अस्पताल में इलाज कराया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने जैन समाज के बड़कुल, अभिषेक जैन और अरविंद जैन की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। जबकि कुशवाहा समाज का आरोप है की उनके आवेदन पर तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्हें थाने में बैठाए रखा गया।
ऐसी जानकारी है की कुशवाहा समाज ने इस विवाद को लेकर तीन दिन पहले ही एसपी कार्यालय में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष का आवेदन भी ले लिया है फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।------