MP | स्मै क और 880 नशीले इंजेक्शन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा वार!
नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन और स्मैक बरामद की है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक एमपी के शहडोल पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर में कुछ लोग अवैध नशीले पदार्थों की सप्लाई और बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी शुरू की और मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर विशेष कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस ने किरण टॉकीज के पास घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया, जिनकी पहचान ऋषभ तिवारी, नितिन यादव और संदीप यादव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को जो मिला, उसने सभी को चौंका दिया। आरोपियों के पास से 880 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन और 53.6 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 29 के साथ-साथ मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। नशे के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी में है।