नाले में तै रता मिला व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाले में व्यक्ति का शव तैरता मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह जैसे ही ग्रामीणों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी तो क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामला एमपी के उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक ग्रामीण गोकुल सिंह चौधरी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर के सामने स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला।
शव की पहचान गोवर्धन पिता बग्धीराम निवासी बलेडी के रूप में हुई है, जो चर्मकार समाज से संबंध रखता था। बताया जा रहा है कि मृतक का गांव में कोई स्थायी ठिकाना नहीं था और वह अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी मौत दुर्घटनावश हुई, नाले में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बड़नगर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।