Sagar- युवक की मौ त पर परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क हाद से के बाद अस्पताल में बवाल
सागर जिले के बीना से एक दर्दनाक हादसा और उसके बाद अस्पताल में हंगामे की तस्वीर सामने आई है। सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि जब घायल युवक को अस्पताल लाया गया, उस समय ड्यूटी पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और हालात तनावपूर्ण हो गए। जानकारी के अनुसार बारधा गांव निवासी आदर्श उर्फ सुल्तान कुर्मी और माधव लोधी बाजार से खरीदारी कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव के पास शराब दुकान के समीप दोनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी खुरई की ओर से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान आदर्श उर्फ सुल्तान कुर्मी की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल माधव लोधी की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए सागर रेफर किया गया है।
मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब घायल को अस्पताल लाया गया, उस समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। यदि समय पर इलाज मिलता तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। युवक की मौत के बाद नाराज परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ती देख विधायक निर्मला सप्रे और थाना प्रभारी अनूप यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। अब पुलिस हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।