Sagar- निर्मला सप्रे का दल-बदल मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंचेगा, कांग्रेस ने किया बड़ा ऐलान
सागर जिले के बीना विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद भाजपा में शामिल हुईं विधायक निर्मला सप्रे का दल-बदल मामला अब और ज्यादा राजनीतिक गरमाहट लेने जा रहा है। अब यह मामला देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने वाला है। बीना के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रदीप राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका आधिकारिक ऐलान किया है। प्रदीप राय ने कहा कि हाल ही में हाईकोर्ट ने इस मामले में कांग्रेस की याचिका खारिज करते हुए अंतिम निर्णय का अधिकार विधानसभा अध्यक्ष यानी स्पीकर को दिया है। कांग्रेस पार्टी न्यायालय के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के जनादेश की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि पार्टी जल्द ही इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी और विशेष याचिका दायर की जाएगी। कांग्रेस का दावा है कि यह केवल एक विधायक का मामला नहीं, बल्कि मतदाताओं के विश्वास और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा बड़ा मुद्दा है। दरअसल, विधानसभा चुनाव 2023 में निर्मला सप्रे ने कांग्रेस के टिकट पर बीना सीट से जीत दर्ज की थी। लेकिन बाद में लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
इसके बाद कांग्रेस ने उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद फिलहाल इस मामले पर फैसला लेने का अधिकार विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया है। अब कांग्रेस इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है। राजनीतिक गलियारों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में बड़ा असर डाल सकता है।