नदी में नहाने उतरे तीन युवक डूबे, एक लापता और फिर सर्च ऑपरेशन जारी | SAGAR TV NEWS |
एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मौज-मस्ती के बीच कुछ ही पलों में खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। मार्कण्डेय आश्रम के पास नदी में नहाने गए तीन युवक अचानक गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामला एमपी के मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय आश्रम का है। जानकारी के अनुसार रविवार को तीन युवक नदी में नहाने के लिए उतरे थे, लेकिन उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि पानी की गहराई उनके लिए इतना बड़ा खतरा बन जाएगी।
बताया जा रहा है कि लापता युवक चोरहटा क्षेत्र से अपने मामा के घर रामनगर किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान वह अपने दो दोस्तों के साथ मार्कण्डेय आश्रम के पास नदी में घूमने और नहाने पहुंचा था। नहाते-नहाते तीनों युवक अचानक गहरे पानी की ओर पहुंच गए और डूबने लगे। युवकों को संघर्ष करते देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बचाव अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लेकिन तीसरा युवक तेज बहाव और गहरे पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ को भी सूचना दे दी है। पुलिस, गोताखोर और प्रशासन की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लापता युवक गुप्ता परिवार का सदस्य बताया जा रहा है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि नदी और जलाशयों में बिना सुरक्षा और जानकारी के उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।