व्यापारियों और निगम टीम में तीखी नोकझोंक, अतिक्रमण हटाओ अभियान बना बवाल
नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान उस वक्त विवादों में घिर गया, जब कार्रवाई के दौरान व्यापारियों, फुटपाथ विक्रेताओं और निगम के रिमूवल दल के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने लगे और मामला थाने तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार एमी के इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र स्थित अटाला बाजार में नगर निगम की टीम अटाला बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। शुरुआत में कार्रवाई सामान्य तरीके से चल रही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद स्थानीय व्यापारियों और फुटपाथ विक्रेताओं ने विरोध शुरू कर दिया।
व्यापारियों का आरोप है कि निगम की कार्रवाई में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। कुछ व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कथित तौर पर पहले पैसे लिए जाते हैं और बाद में भी कार्रवाई की जाती है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान निगम के एक सुपरवाइजर ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गाली-गलौज करते हुए सामान जब्त किया। दूसरी तरफ नगर निगम के कर्मचारियों ने भी व्यापारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। निगम कर्मचारियों का कहना है कि जब वे अपनी नियमित कार्रवाई कर रहे थे, तब कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की कोशिश की।
घटना के बाद माहौल और ज्यादा गर्मा गया। दोनों पक्ष सराफा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि विवाद की असली वजह क्या थी और किसकी गलती थी।