कांग्रेस में अंदरूनी घमासान! दिग्विजय सिंह का बड़ा हमला, बिना नाम लिए बोले दलाल ही नजर आते हैं
मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आती दिखाई दे रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक बयान ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। वीर भारत न्यास को लेकर चल रहे विवाद के बीच दिग्विजय सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर बिना नाम लिए बड़ा हमला बोला है।
दरअसल, हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीर भारत न्यास से जुड़े मामलों में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि न्यास की जमीन और उससे जुड़े कामकाज में कई तरह की अनियमितताएं हुई हैं।
लेकिन अब इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का रुख बिल्कुल अलग नजर आया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे वीर भारत न्यास से जुड़े आरोपों के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि जो लोग दलाली करते हैं, उन्हें हर जगह दलाली ही नजर आती है। उन्होंने यह भी कहा कि वीर भारत न्यास पर लगाए जा रहे आरोपों में कोई तथ्य नहीं है और यह पूरी तरह निराधार हैं।
हालांकि दिग्विजय सिंह ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को सीधे तौर पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अब सवाल यह भी उठने लगे हैं कि क्या मध्य प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ
ठीक चल रहा है, या फिर पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं।
फिलहाल इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले पर क्या रुख अपनाता है।