Sagar- पेड़ के पास किसान का शव मिला , परिजनों ने जताई हत्या की आशंका! गांव में फैली सनसनी
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक किसान का शव पेड़ के पास मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला ग्राम सेवास का है, जहां रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक पेड़ पर शव देखा। सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। मृतक की पहचान 62 वर्षीय किसान रामप्रकाश कुर्मी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़ाकोटा सिविल अस्पताल भेजा गया। लेकिन इस घटना ने नया मोड़ तब ले लिया, जब मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात रामप्रकाश कुर्मी गांव के दो-तीन लोगों के साथ घर से गए थे। इसी दौरान उनका विवाद भी हुआ था।
परिवार का कहना है कि विवाद के बाद उनकी हत्या कर दी गई और घटना को दूसरा रूप देने के लिए शव को पेड़ के पर छोड़ दिया गया। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, लेकिन मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब इस पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी, लेकिन फिलहाल इस घटना ने पूरे गांव को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।