वन विभाग की टीम पर लोगों ने बोला धाबा, 8 वनकर्मी घायल, समझाइश देने गई थी टीम
बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद नज़र आ रहे हैं। जिस वजह से आये दिन घटनाएं सामने आ रही हैं। फिर एक बार वन विभाग की टीम पर हमला किये जाने की घटना हुई है। जहां अतिक्रमणकारियों के हमले में करीब 8 वनकर्मी घायल हुए हैं। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने 15 नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला एमपी के खंडवा जिले के गुड़ी वन परिक्षेत्र के आमा खुजरी गांव से सामने आया है। जहां वन विभाग की गश्ती टीम पर अतिक्रमणकारियों ने जानलेवा हमला किया।
घटना को लेकर बताया जा रहा है की करीब दो साल पहले वन विभाग ने आमा खुजरी क्षेत्र की वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। उस समय जेसीबी की मदद से ट्रेंच खोदी गयी थी। यानी गड्ढे कर दिए गए थे ताकि दोबारा अतिक्रमण न किया जा सके। लेकिन बारिश शुरू होते ही कुछ लोग दोबारा वन भूमि पर कब्जा करने की नीयत से जमीन समतल कर बोवनी की तैयारी कर रहे थे। जब टीम को सूचना मिली तो गश्ती दल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को अतिक्रमण न करने की समझाइश दी। इसी दौरान महिलाओं और पुरुषों ने वन विभाग की टीम पर तीर, गोफन, पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। जिससे करीब आठ वनकर्मी घायल हो गए। जिन्हें इलाज के मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डीएसपी अनिल चौहान के मुताबिक इस मामले में पिपलोद थाने में 15 नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है की जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा।------