रील का शौक पड़ा भारी! अवैध कट्टे के साथ वीडियो बनाकर फं सा युवक, पुलिस ने दबोचा
सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की होड़ अब लोगों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा रही है। एमपी के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां अवैध कट्टे के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वीडियो डालना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र के मोखरा गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 28 वर्षीय राममिलन विश्वकर्मा ने अवैध कट्टा हाथ में लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो बनाया था। युवक शायद यह नहीं जानता था कि कुछ सेकंड की रील उसे सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा देगी।
वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी राममिलन विश्वकर्मा को हिरासत में लिया और पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में पुलिस ने आरोपी से हथियार के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध गतिविधियों का प्रदर्शन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ लाइक्स और व्यूज पाने की चाह में युवक ने हथियारों के साथ वीडियो तो बना लिया, लेकिन अब यही वीडियो उसके लिए बड़ी परेशानी बन गया है। सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कब मुसीबत बन जाए, यह मामला उसकी बड़ी मिसाल बन गया।