सीमेंट व्यापारी की दुकान से 5 लाख की रकम उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार
एमपी के मुरैना जिले की कैलारस पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीमेंट व्यापारी की दुकान से हुई पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है। हालांकि इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार मामला कैलारस थाना क्षेत्र के डोंगरपुर गांव का है। यहां रहने वाले सीमेंट व्यापारी सुमेर सिंह धाकड़ की दुकान से बीती 2 फरवरी को पांच लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। व्यापारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
कई महीनों तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया, लेकिन पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि इस चोरी में शामिल एक आरोपी राजगढ़ जिले के कड़िया गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोविंद पुत्र रामसिंह को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई पूरी पांच लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है। वहीं इस मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद इस चोरी की पूरी साजिश और अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।