सागर- शाहगढ़ के पत्रकार नितिन जैन की मौत, जंगल में पेड़ के पास मिला शव | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र के पत्रकार नितिन जैन का शव बरमान के जंगल क्षेत्र में पेड़ के पास शव मिला है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पत्रकार जगत, स्थानीय लोगों और परिचितों में इस खबर के बाद शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार नितिन जैन का शव बरमान के जंगल क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक पेड़ के पास शव मिला है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नितिन जैन क्षेत्र के जाने-माने पत्रकार थे और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग स्तब्ध रह गए। स्थानीय लोगों और पत्रकार साथियों ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।
मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, लेकिन फिलहाल पुलिस की ओर से किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर मामले को जांच में लिया गया है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जांच टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितियों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलुओं सहित सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। वहीं पत्रकार साथियों और परिजनों ने भी मामले की गहन जांच की मांग की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि नितिन जैन की मौत किन परिस्थितियों में हुई।