सागर में मानसून की धमाकेदार एंट्री जाने, अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम का हाल
सागर जिले में मानसून का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात हुई झमाझम बारिश के बाद मंगलवार को मौसम विभाग ने जिले में मानसून की अधिकृत दस्तक की घोषणा कर दी। रात करीब 3 बजे शुरू हुई बारिश सुबह तक जारी रही। तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया और नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ गया।
सागर मौसम विभाग में पदस्थ मौसम विज्ञानी विवेक छलोत्रे ने बताया कि मंगलवार को सागर में मानसून के प्रवेश की अधिकृत घोषणा कर दी गई है। मानसून इस बार अपने तय समय से देरी से पहुंचा है। अगले 24 घंटों में जिले के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मंगलवार सुबह 8 बजे तक सागर शहर में 42.6 मिमी यानी करीब पौने दो इंच बारिश दर्ज की गई। जिले में सबसे ज्यादा 160.5 मिमी (6 इंच से अधिक) बारिश गढ़ाकोटा में हुई। रहली में करीब पौने चार इंच, जबकि देवरी और केसली में लगभग एक-एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
एक जून से अब तक जिले में 101 मिमी यानी करीब 5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। पिछले वर्ष 30 जून तक 169.7 मिमी (करीब 6.7 इंच) बारिश हुई थी। इस तरह इस बार अब तक पिछले साल की तुलना में लगभग 40.5 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 36.1 मिमी (करीब 1.4 इंच) बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से जलस्रोतों में पानी बढ़ने लगा है और मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है।
मानसून की देरी के कारण जिले के कई हिस्सों में बोनी का काम रुका हुआ था। अच्छी बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। जिन किसानों ने पहले बुआई कर दी थी, उनकी फसलों को भी राहत मिली है, जबकि अब बड़ी संख्या में किसान खेतों में बोनी शुरू करेंगे।