सुहागरात के बाद दुल्हन घर से गायब! दूल्हे ने कहा कहीं मेरे साथ नीले ड्रम जैसा मामला न हो जाए
देशभर में चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड की दहशत अभी लोगों के मन से निकली भी नहीं है कि एमपी के ग्वालियर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। यहां शादी के महज एक दिन बाद दुल्हन के अचानक घर छोड़कर चले जाने से पूरा परिवार हैरान है। अब दूल्हे ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा है कि वह इस रिश्ते को आगे नहीं रखना चाहता, क्योंकि उसे किसी अनहोनी का डर सता रहा है।
जानकारी के मुताबिक ग्वालियर निवासी जितेंद्र जोशी की शादी 28 जून को हुई थी। 29 जून को दुल्हन की विदाई हुई और वह अपने ससुराल पहुंची। दिनभर घर में शादी की रस्में और पारिवारिक कार्यक्रम चलते रहे। रात में सब सामान्य था, लेकिन अगली सुबह परिवार वालों ने देखा कि नई दुल्हन घर में मौजूद नहीं है। इसके बाद पूरे घर में तलाश शुरू हुई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
परिवार ने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरा मामला सामने आया। फुटेज में दिखाई दिया कि दुल्हन घर की ऊपरी मंजिल पर पहुंची, फिर एक छज्जे से दूसरे छज्जे पर गई और वहां से बाहर निकल गई। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पीड़ित दूल्हे का कहना है कि शिकायत के बाद दुल्हन का भाई उसे सामान सहित थाने लेकर पहुंचा, लेकिन अब वह इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहता।
दूल्हे ने कहा कि परिवार की बदनामी हो चुकी है और वह भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी या अप्रिय स्थिति से बचना चाहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। फिलहाल यह मामला पारिवारिक विवाद और शिकायत के स्तर पर है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।