स्मार्ट मीटर के खिलाफ सड़क पर उतरा इन्फ्लुएंसर! ऐसे कपड़े पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचा,सरकार से लगाई गुहार
मध्यप्रदेश के खंडवा में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध अब सड़कों तक पहुंच गया है। बढ़ते बिजली बिलों और आम लोगों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ के खिलाफ एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने ऐसा विरोध प्रदर्शन किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अर्धनग्न होकर सड़क पर उतरे इस प्रदर्शनकारी को देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ जुटती रही। सवाल यह है कि क्या स्मार्ट मीटर वाकई लोगों पर अतिरिक्त बोझ बन रहे हैं या फिर यह सिर्फ एक विरोध का तरीका है?
खंडवा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बबलू राजनी ने सोमवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। वे शनि मंदिर क्षेत्र से अर्धनग्न अवस्था में पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रास्ते भर लोगों से बातचीत की और स्मार्ट मीटर से बढ़ रहे बिजली बिलों को लेकर अपनी बात रखी। प्रदर्शन के दौरान राहगीरों की नजरें भी उन पर टिक गईं और कई लोग इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर बबलू राजनी ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के बाद गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर बिजली बिल का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था की समीक्षा करने और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।इतना ही नहीं, उन्होंने एक और बड़ा मुद्दा उठाते हुए निर्माणाधीन नए संभाग के मुख्यालय के लिए खंडवा को चुने जाने की मांग भी की।
उनका कहना था कि प्रशासनिक, भौगोलिक और ऐतिहासिक दृष्टि से खंडवा एक मजबूत दावेदार है। फिलहाल उनका यह अनोखा प्रदर्शन शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन और सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।